जगनेर ब्लॉक में श्मशान घाटों की बदहाल व्यवस्था, सबजन सेवा समिति ने सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन..


जगनेर ब्लॉक की 32 ग्राम पंचायतों में श्मशान घाटों के निर्माण, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं की उठाई मांग, बीडीओ ने शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन

आगरा/जगनेर। जगनेर विकास खंड की ग्राम पंचायतों में श्मशान घाटों की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर बुधवार को सबजन सेवा समिति (रजि.) के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी (BDO) को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

समिति ने अपने ज्ञापन में कहा कि विकास खंड जगनेर की कुल 32 ग्राम पंचायतों में आज भी कई गांव ऐसे हैं जहां श्मशान घाट नहीं हैं। वहीं जिन ग्राम पंचायतों में श्मशान घाट बने हुए हैं, वहां भी टिन शेड, स्वच्छ पेयजल, पक्के रास्ते और नियमित साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इससे अंतिम संस्कार के समय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

समिति ने कहा कि श्मशान घाट केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सम्मानजनक अंतिम संस्कार से जुड़ा विषय है। इसलिए प्रशासन को इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें

• जिन ग्राम पंचायतों में श्मशान घाट नहीं हैं, वहां नए श्मशान घाट बनाए जाएं।
• पहले से बने श्मशान घाटों का सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कराई जाए।
• प्रत्येक श्मशान घाट पर टिन शेड, स्वच्छ पेयजल और पक्के मार्ग की व्यवस्था की जाए।
• सभी श्मशान घाटों पर नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
• ग्राम पंचायतवार समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य शुरू कराया जाए।

खंड विकास अधिकारी ने समिति के प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनने के बाद कहा कि "समिति द्वारा उठाई गई मांगें जनहित से जुड़ी हैं। ज्ञापन प्राप्त हो गया है। शासन को इस समस्या से अवगत कराया जाएगा। और शासन की योजनाओं के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर कराने का प्रयास किया जाएगा।
समिति ने प्रशासन से मांग की कि श्मशान घाटों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान कर ग्रामीणों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वही समिति अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि 
हम किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि ग्रामीणों के हित और सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान चला रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि जगनेर ब्लॉक की हर ग्राम पंचायत में श्मशान घाट और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। यदि प्रशासन समयबद्ध कार्रवाई करता है तो हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।
समिति उपाध्यक्ष केशव दीक्षित ने कहा कि 
"हमारी मांगें पूरी तरह जनहित में हैं। ग्रामीण वर्षों से इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं। प्रशासन से सकारात्मक पहल की उम्मीद है। यदि मांगों पर उचित समय में कार्रवाई नहीं होती है, तो समिति ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय करेगी।"

ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश शर्मा, केशव दीक्षित,  सोनू शर्मा,  गौरव पचौरी, चिंटू मंगल, मनोज पौडवाल, विवेक शर्मा, मोनी परमार, सौरभ उपाध्याय, प्रशांत बघेल, भानू, आशीष सिंघल, पुष्पेन्द्र आदि समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे

 


Post a Comment

Previous Post Next Post