आगरा। ताजनगरी आगरा से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना एकता क्षेत्र के पचगाई खेड़ा गांव में एक पिता ने अपनी ही 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने बेटी के सिर और गर्दन पर लोहे के धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि घर पर बैठकर खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी।
प्रेम संबंध को लेकर था नाराज
ग्रामीणों के अनुसार मृतका का पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता चंद्रवीर को यह रिश्ता नागवार गुजरता था। इसी को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था।
दो दिन पहले घर से लापता हो गई थी बेटी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किशोरी दो दिन पहले बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। दो दिन बाद जब वह वापस लौटी तो घर में तनाव और बढ़ गया। गुरुवार शाम इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर पिता ने घर में रखा लोहे का धारदार औजार उठाकर बेटी पर हमला बोल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खुद पुलिस को फोन कर बोला - बेटी को मार दिया
हत्या के बाद चंद्रवीर ने डायल 112 और थाना एकता पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी बेटी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही एसीपी एत्मादपुर यतेंद्र नागर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर के अंदर खून से सना हुआ शव बरामद किया और आरोपी पिता को मौके से हिरासत में ले लिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी गांव पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, खून के सैंपल और वारदात में इस्तेमाल हथियार को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव में सन्नाटा, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किशोरी दो दिन कहां और किसके साथ रही, क्या वह पड़ोसी युवक के साथ थी और हत्या से पहले पिता-बेटी के बीच क्या बात हुई।
इस मामले में एसीपी यतेंद्र नागर ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
