जगनेर, आगरा। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा महिला सशक्तिकरण की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जगनेर में एक सराहनीय पहल की गई।
जिस के चलते सुश्री कशिश गोयल को कार्यालय नगर पंचायत जगनेर में एक दिन के लिए अधिशासी अधिकारी (EO) का पदभार ग्रहण कराया गया।
पदभार ग्रहण करने के दौरान सुश्री कशिश गोयल ने अधिशासी अधिकारी की भूमिका निभाते हुए विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय के कामकाज को समझा तथा जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया जानी।
इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं, यदि उन्हें अवसर दिया जाए तो वे हर जिम्मेदारी को बखूबी निभा सकती हैं।
इस पहल से नगर पंचायत क्षेत्र की अन्य बालिकाओं में भी आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी ऐसा माना जा रहा है।
