एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में दूसरा सफल किडनी प्रत्यारोपण, मेडिकल कॉलेज के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि...



आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज में 10 अक्टूबर 2026 को दूसरा सफल किडनी प्रत्यारोपण किया गया।

इस सफलता पर कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ प्रशांत गुप्ता ने पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान के लिए गौरव का क्षण है। यह सफलता आरएमएल अस्पताल नई दिल्ली के यूरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ हेमंत गोयल के मार्गदर्शन और एसएन मेडिकल कॉलेज की टीम के उत्कृष्ट प्रयास का परिणाम है। कॉलेज आम जनता को सुलभ किफायती और उच्च स्तरीय सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

सर्जरी में 24 वर्षीय युवा मरीज दीपक को उनके पिता राजवीर ने स्वेच्छा से किडनी दान की। यह एबीओ कंपेटिबल ट्रांसप्लांट था। वर्तमान में डोनर पिता और रिसीवर पुत्र दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और नई किडनी बेहतर तरीके से कार्य कर रही है।

इस मिशन में कई विभागों की टीमों का योगदान रहा। ट्रांसप्लांट नेफ्रोलॉजी टीम में डॉ अपूर्व जैन, डॉ मुदित खुराना, डॉ कैरवी भारद्वाज और विभाग के सीनियर रेजिडेंट शामिल रहे। ट्रांसप्लांट यूरोलॉजी टीम में लीड ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ प्रशांत लवानिया, डॉ अभिषेक पाठक, डॉ विजय त्यागी, डॉ अंकुश गुप्ता, डॉ प्रदीप देब और जूनियर रेजिडेंट शामिल रहे।

ट्रांसप्लांट एनेस्थीसिया टीम में प्रोफेसर डॉ अपूर्व मित्तल, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ अमृता गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ प्रवीण पांडे, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ प्रभा और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर प्रदीप त्यागी, केटीयू नर्सिंग टीम और ओटी नर्सिंग इंचार्ज व उनकी पूरी टीम का भी विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post