मुख्य निर्वाचन आयुक्त के घर पर कांग्रेस का हंगामा, गेट पर पोती कालिख....

Ai image 


आगरा। सोमवार सुबह मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने आवास के मुख्य गेट पर कालिख पोत दी और काले पेंट से आपत्तिजनक नारे लिख दिए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गेट के बाहर नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बैनर और पोस्टर लेकर विजय नगर कॉलोनी पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने काले रंग के स्प्रे से गेट पर नारे लिखे और कालिख पोती।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों तथा मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग भी उठाई गई।

स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के घर पुलिस बल मौजूद नहीं था। कुछ देर नारेबाजी करने के बाद प्रदर्शनकारी वहां से चले गए। उनके जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवास के गेट पर पोती गई कालिख तथा लिखे गए शब्दों को साफ कराया।

पुलिस अब घटना से जुड़े फोटो और वीडियो के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, फुटेज और इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

वहीं, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पैतृक आवास पर प्रदर्शन से पहले आगरा महानगर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुभाष पार्क से कलक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की गई। मार्च में मथुरा से आए कांग्रेस पदाधिकारी और संगठन महासचिव अनिल यादव भी शामिल रहे।

कांग्रेस देशभर में उठा रही चुनावी प्रक्रिया का मुद्दा

कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन का अभियान चलाया है। पार्टी चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों की जांच की मांग कर रही है। 25 सितंबर को भी कांग्रेस ने कई राज्यों में प्रदर्शन किया था। आगरा में सोमवार का प्रदर्शन इसी अभियान का हिस्सा था।

घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post