मुख्य चुनाव आयुक्त के पैतृक आवास पर कालिख मामले में कांग्रेस नेताओं को जमानत, जेल से निकलते ही हुआ हंगामा...

 



आगरा।  मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर कालिख पोतने के मामले में गिरफ्तार कांग्रेस नेताओं को शनिवार को अदालत से जमानत मिल गई। रविवार सुबह आगरा जिला जेल से बाहर निकलते ही कांग्रेस समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालने की तैयारी की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।


28 सितंबर को हुआ था प्रदर्शन

मामला 28 सितंबर का है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा की विजय नगर कॉलोनी स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान मुख्य गेट पर कालिख पोती गई और दीवार तथा गेट पर आपत्तिजनक शब्द लिखे गए। इसके बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए मौके से चले गए थे।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आगरा-दिल्ली हाईवे से कांग्रेस प्रदेश सचिव अनिल यादव, मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और शाहबाज समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में कुल छह लोगों की गिरफ्तारी की गई थी।

जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने किया स्वागत

रविवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जिला जेल के बाहर पहुंच गए थे। जैसे ही अनिल यादव, मुकेश धनगर और शाहबाज जेल से बाहर आए, समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी।

मौके पर पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने नारेबाजी और जुलूस निकालने का विरोध किया। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वहां से हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस ने नेताओं को वाहनों में बैठाकर वहां से रवाना कर दिया।


कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

जेल से निकलने के बाद कांग्रेस प्रदेश सचिव अनिल यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन करना उनका अधिकार है। वहीं, मुकेश धनगर ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post