आगरा: युवती से सामूहिक दुष्कर्म और वीडियो वायरल, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार...


आगरा। जनपद के इरादतनगर क्षेत्र से एक रूहकंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 18 वर्षीय युवती के साथ विश्वासघात कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त विवरण के अनुसार, यह घटना लगभग एक माह पूर्व की है। पीड़िता ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बीते 17 जून को गांव का ही एक युवक, जिसका नाम छोटे है, उसके घर आया। उसने युवती को झांसा दिया कि उसकी माँ खेत पर गुटखा मंगा रही हैं। युवक की बातों पर भरोसा कर पीड़िता दुकान से गुटखा लेकर खेत की ओर चल दी।

रास्ते में छोटे ने अपने दो अन्य साथियों, विशाल और आकाश के साथ मिलकर युवती को रोक लिया। आरोप है कि आकाश ने युवती के हाथ पकड़ लिए और तीनों उसे जबरन खेत में ले गए। वहाँ छोटे ने युवती के साथ दुष्कर्म किया, जबकि विशाल इस पूरी हैवानियत का वीडियो बनाता रहा। इस दौरान पीड़िता आरोपियों के सामने रोती-बिलखती रही और छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने युवती को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी और किसी से शिकायत न करने का दबाव बनाया। बदनामी के डर से पीड़िता सहमी रही। लेकिन घटना के लगभग एक महीने बाद आरोपियों ने वह आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो में पीड़िता खेत में रोते हुए मुख्य आरोपी पर धोखा देने का आरोप लगा रही है और हाथ जोड़कर उसे छोड़ने की मिन्नतें कर रही है। वहीं, अन्य आरोपी पीछे से हँसते और मजाक उड़ाते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में अन्य युवकों के साथ इस कृत्य के बारे में आपत्तिजनक चर्चा भी शामिल है।

मामला संज्ञान में आते ही आगरा पुलिस सक्रिय हो गई। डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि पुलिस टीम ने सबसे पहले वीडियो में दिख रही युवती की पहचान की। पीड़िता से पूछताछ के बाद पूरी घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीन आरोपियों को नामजद किया गया है और तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस घटना ने क्षेत्र में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post