आगरा में रोग नियंत्रण पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन...


आगरा: रोगों की रोकथाम और नियंत्रण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आगरा के अंतर्गत मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) की तीन दिवसीय इंडक्शन ट्रेनिंग का गुरुवार को समापन हो गया। फतेहाबाद रोड स्थित होटल क्रिस्टल इन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आगरा और शिमला की एमएसयू टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण के दौरान संक्रामक रोगों की निगरानी, बीमारी फैलने की स्थिति में जांच प्रक्रिया, आउटब्रेक मैनेजमेंट और वन हेल्थ अप्रोच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) दिल्ली की जॉइंट डायरेक्टर डॉ. शुभांगी कुलसागे समेत विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बताया कि बीमारियों की समय पर पहचान और प्रभावी सर्विलांस किस प्रकार जनस्वास्थ्य के लिए अहम भूमिका निभाता है।

स्टेट सर्विलांस ऑफिस, लखनऊ से आए डॉ. निशांत भारद्वाज ने भी एमएसयू की टीम को रोग निगरानी प्रणाली और उसके संचालन की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता बढ़ाकर भविष्य में किसी भी बीमारी के प्रकोप से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने की। समापन समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव सहित वन विभाग, कृषि विभाग, आपदा प्रबंधन, पशुपालन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी, खाद्य विभाग, विश्व स्वास्थ्य संगठन और जिला महिला चिकित्सालय के अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर एमएसयू आगरा की डॉ. महिमा चतुर्वेदी, डॉ. राम विपुल शर्मा और उनकी टीम के साथ एमएसयू शिमला के डॉ. अश्वनी एवं उनकी पूरी टीम भी उपस्थित रही। विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में रोगों की रोकथाम और बेहतर स्वास्थ्य निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post