आगरा में आज CM योगी की जनसभा, 342 करोड़ की 53 परियोजनाओं की देंगे सौगात....


आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय दौरे पर आगरा पहुंच रहे हैं। वे यहां 342 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

जनसभा का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 3:40 बजे फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान पहुंचेंगे। सबसे पहले वे सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

जनसभा के बाद शाम 4:55 बजे योगी कमिश्नरी सभागार जाएंगे। वहां करीब एक घंटे तक प्रशासनिक और विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। शाम 6 बजे वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर टाटा मैदान और खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज परिसर में दो हेलीपैड तैयार किए गए हैं। व्यवस्थाओं का जायजा शुक्रवार को डीएम, पुलिस कमिश्नर, सीडीओ और पुलिस के आला अधिकारियों ने लिया।

किन योजनाओं का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री 292.40 करोड़ रुपये की लागत वाली कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसमें 93.81 करोड़ से 150 बेड का लेडी लॉयल अस्पताल, 79.15 करोड़ से सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट तक सीएम ग्रिड रोड और 65.44 करोड़ से शास्त्रीपुरम में स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा डीआईओएस का नया भवन, श्री कैलाश मंदिर का पर्यटन विकास, वर्किंग वूमेंस हॉस्टल और बल्केश्वर थीम पार्क के पुनर्निर्माण का काम भी शुरू होगा।

17 परियोजनाओं का लोकार्पण
इस दौरान 50.06 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 17 परियोजनाओं का उद्घाटन भी होगा। इनमें जिला कारागार में बंदियों की सुविधा के लिए लगभग 8 करोड़ रुपये से बनी नई बैरक प्रमुख है। साथ ही खंदारी बापू नगर में 57 लाख रुपये से बनी सीसी सड़क, 4.86 करोड़ रुपये से पालीवाल पार्क का विकास और सौंदर्यीकरण, और सिकंदरा में करोड़ों की लागत से बनी आरसी पुलिया और डक्ट का लोकार्पण किया जाएगा।

ताजनगरी बनी आधुनिक उद्योगों का हब
पिछले 9 सालों में योगी सरकार ने आगरा को कई बड़ी सौगातें दी हैं। आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट और गंगाजल परियोजना इसके उदाहरण हैं। शहर के व्यवस्थित विस्तार के लिए 5,142 करोड़ रुपये की लागत से ग्रेटर आगरा की 10 हाईटेक टाउनशिप और अटलपुरम जैसी आवासीय योजनाएं शुरू की गई हैं। कनेक्टिविटी के लिए आगरा सिविल एन्क्लेव एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का निर्माण, छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम, और ओडीओपी के तहत लेदर और हैंडीक्राफ्ट उद्योग को बढ़ावा दिया गया है। एसएन मेडिकल कॉलेज का आधुनिकीकरण और सीएम ग्रिड रोड जैसी सुविधाओं से आगरा पश्चिमी यूपी का प्रमुख आर्थिक केंद्र बना है।

रविवार को कैशलेस योजना का उद्घाटन
शनिवार रात मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रुकेंगे। रविवार सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी स्थित शिवाजी मंडपम सभागार में कैशलेस योजना का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वे खंदारी कैंपस से केंद्रीय हिंदी संस्थान जाएंगे और वहां बने हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा मैनपुरी के लिए रवाना होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post