ऑनर किलिंग : कोर्ट मैरिज से नाराज पिता ने 22 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर की हत्या....


आगरा, 3 अगस्त। आगरा के थाना जैतपुर क्षेत्र के नटहौली गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार की इच्छा के विरुद्ध कोर्ट मैरिज करने से नाराज पिता ने अपनी 22 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। यह वारदात रविवार देर रात हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका अंकिता ने इसी वर्ष फरवरी में गांव के रहने वाले अमित पचौरी के साथ परिवार की सहमति के बिना कोर्ट मैरिज की थी। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। शादी के बाद भी अंकिता अपने माता-पिता के साथ ही रह रही थी, लेकिन इस विवाह को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था।

रविवार देर रात पड़ोसियों ने घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनीं। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के एक कमरे में अंकिता का शव पड़ा मिला, जबकि उसके पिता विमल राय शव के पास बैठे थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया।

जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय घर में मौजूद मां सीता और भाई अंकुश मौके से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बताया गया है कि विमल राय पिछले करीब 15 वर्षों से अपने परिवार के साथ नटहौली गांव में किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि बेटी द्वारा परिवार की इच्छा के विरुद्ध गांव के ही युवक से कोर्ट मैरिज करने से वह बेहद नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने गला दबाकर बेटी की हत्या कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार मां और भाई की तलाश जारी है। वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post