आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा का 92वां दीक्षांत समारोह सोमवार को खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मण्डपम में बड़े ही गरिमामय माहौल में मनाया गया। यह समारोह विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने की। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. पंकज अरोड़ा और विशिष्ट अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय रहे। कुलपति प्रो. आशु रानी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस वर्ष कुल 79,832 विद्यार्थियों को उपाधियां दी गईं। इसमें 55,686 स्नातक, 9,150 स्नातकोत्तर, 14,826 प्रोफेशनल कोर्स, 167 पीएच.डी. और 3 डी.लिट्. शामिल हैं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 64 मेधावी विद्यार्थियों को 88 स्वर्ण, रजत और अन्य पदक दिए गए। इनमें 46 छात्राएं और 18 छात्र थे। पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध शिल्पकार श्री अरधेंदु शेखर दास को उनके हस्तशिल्प में योगदान के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
कुलाधिपति ने परिसर में लगे HPV टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। 14 से 15 साल की 1002 किशोरियों को निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर रोधी टीका लगाया गया। टीका लगवाने वाली सभी बालिकाओं को प्रमाण पत्र और पोषण किट भी दिए गए।
इस अवसर पर कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी हुआ। इसमें मॉडल स्कूल का जीर्णोद्धार, मियावाकी निधिवन, सुल्तानगंज में शताब्दी भवन, कणाद इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर और छलेसर परिसर में सुभाष चंद्र बोस गेट शामिल हैं।
समारोह में विश्वविद्यालय की शताब्दी पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई और NAD के जरिए डिजिटल डिग्री का लाइव प्रदर्शन हुआ। राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 4.20 लाख रुपये तक की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र दिए गए।
शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और NCTE अध्यक्ष प्रो. पंकज अरोड़ा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय सिर्फ डिग्री नहीं बल्कि जीवन की दिशा दे रहा है। उन्होंने बेटियों की सफलता और स्वास्थ्य जागरूकता की सराहना की और नशामुक्त समाज व पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।
समारोह का संचालन कुलसचिव अजय मिश्रा और जनसंपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना ने किया।
Tags:
agranews