आगरा। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। शनिवार, 5 सितंबर 2026 को आगरा जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर यह आदेश जिले के विभिन्न बोर्डों के विद्यालयों पर लागू किया गया है। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा विभाग, CBSE और ICSE से जुड़े स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में भी आज अवकाश रहेगा।
लगातार बारिश और अलर्ट के बीच लिया गया फैसला
आगरा में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है। कई स्थानों पर बारिश के कारण जलभराव की स्थिति भी सामने आ रही है। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश को लेकर अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों को स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानी और संभावित खतरे से बचाने के लिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।
आदेश नहीं माना तो होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्कूलों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। 5 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल खोलने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
अभिभावक बच्चों को घर पर ही रखें
बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए अभिभावकों से भी अपील है कि वे बच्चों को आज स्कूल न भेजें और मौसम सामान्य होने तक उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
